Recent Posts

Breaking News

चीन की चालबाजी, पैंगोंग झील पर बना लिया 400 मीटर लंबा पुल

 

एलएसी के पास विवादित जगह पर निर्माण भारत के लिए खतरे की घंटी


पड़ोसी देश चीन चुपचाप वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) के पास लंबे समय से आधारभूत और सैन्य संरचना के विकास में लगा हुआ है। अब सैटेलाइट इमैजरी में इस बात का खुलासा हुआ है कि चीन ने पूर्वी लद्दाख में विवादित क्षेत्र में स्थित पैंगोंग झील पर 400 मीटर लंबा पुल बना लिया है। इस पर हाल ही में एक दौड़ती हुई गाड़ी की तस्वीर कैद हुई है। सैटेलाइट इमैजरी में इस बात का भी खुलासा हुआ है कि हाल ही में इस पुल पर काली पिच बिछाई गई है, ताकि गाडिय़ों की आवाजाही को आसान बनाया जा सके। चीन के इस कदम से भारत हैरान है। यह भारत के लिए सुरक्षा चिंताओं की एक बड़ी वजह है। ऐसी आशंका है कि चीन इस पुल का इस्तेमाल भारत के खिलाफ एलएसी पर सैन्य मजबूतीकरण के रूप में कर सकता है।

चीन संघर्ष के समय इस पुल के जरिए वास्तविक नियंत्रण रेखा तक टैंकों और अन्य सैन्य वाहनों को तेजी से ला सकता है और कम समय में बड़ी संख्या में सैनिकों की तैनाती कर सकता है। इसके अलावा भारत पर धावा बोलने के लिए भी चीन इस रूट का इस्तेमाल कर सकता है। बता दें कि पूर्वी लद्दाख में स्थित पैंगोंग त्सो झील एक विवादित झील है, जिसका दो-तिहाई हिस्सा एलएसी के उस पार चीन की तरफ पड़ता है। 2017 से ही यह इलाका भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच तनाव और झड़प का स्थल रहा है। मई 2020 में पूर्वी लद्दाख में एलएसी पर भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच हिंसक झड़प हुई थी।

No comments