Recent Posts

Breaking News

चुनौती को चुनौती देना मेरे डीएनए में

 


मॉस्को में भारतीयों के बीच बोले पीएम मोदी; कहा, भारत में अब तक का विकास सिर्फ ट्रेलर

एजेंसियां— मॉस्को

भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आपका ये प्रेम, आपका ये स्नेह, आपने यहां आने के लिए समय निकाला मैं आपका बहुत-बहुत आभारी हूं। मैं अकेला नहीं आया। मैं मेरे साथ बहुत कुुछ लेकर आया हूं। मैं अपने साथ हिंदुस्तान की मिट्टी की महक लेकर आया हूं। मैं अपने साथ 140 करोड़ देशवासियों का प्यार लेकर आया हूं। उन्होंने कहा कि आज 9 जुलाई है और आज के दिन मुझे शपथ लिए पूरा एक महीना हुआ है। आज से ठीक 1 महीने पहले 9 जून को मैंने तीसरी बार भारत के प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी और उसी दिन मैंने एक प्रण लिया था कि तीसरे कार्यकाल में मैं तीन गुनी ताकत के साथ काम करूंगा। पीएम मोदी ने कहा कि आज भारत वो देश है जहां दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्ट-अप ईको सिस्टम है। 2014 में जब मुझे पहली बार देश की सेवा करने का मौका दिया, तब कुछ सैकड़ों में स्टार्ट-अप हुआ करते थे, आज लाखों में है।

पिछले 10 सालों में देश ने विकास की जो रफ्तार पकड़ी है, उसे देख कर दुनिया हैरान है। दुनिया के लोग जब भारत आते हैं तो कहते हैं भारत बदल रहा है… वो ऐसा क्या देख रहे हैं? भारत का कायाकल्प, भारत का नवनिर्माण वह साफ-साफ देख पा रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा कि आज ग्लोबल इकोनॉमी की वृद्धि में 15फीसदी भारत की हिस्सेदारी है। आने वाले समय में इसका और ज्यादा विस्तार होना तय है। उन्होंने कहा कि मेरे तो डीएनए में है चुनौती को चुनौती देना।

फर्जी तरीके से सेना में भर्ती कराए भारतीय होंगे ‘रिहा’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मॉस्को की यात्रा पर हैं। इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच कई मुद्दों पर चर्चा हुई है। इस चर्चा में रूस ने अपनी सेना में कार्यरत सभी भारतीय नागरिकों को बर्खास्त करने पर सहमति व्यक्त की है। यह जानकारी अज्ञात सूत्रों के हवाले से साझा की गई है। रूस और यूके्रन के बीच संघर्ष में लड़ते हुए कम से कम दो भारतीय नागरिकों की जान चली गई। वहीं युद्ध क्षेत्र में फंसे कई अन्य लोगों का आरोप है कि उन्हें धोखे से युद्ध में शामिल होने के लिए मजबूर किया गया। सूत्रों ने बताया कि सोमवार रात व्लादिमीर पुतिन द्वारा आयोजित एक निजी रात्रिभोज में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस मुद्दे को उठाया।

चीन बोला, कलह करवाने का प्रयास कर रहे पश्चिमी देश

पीएम मोदी के रूस दौरे पर पड़ोसी चीन का बयान सामने आया है। चीन के सरकारी अखबार ग्लोबल टाइम्स ने लिखा है कि भारतीय पीएम नरेंद्र मोदी की रूस यात्रा को पश्चिमी देश आशंका के साथ देख रहे हैं। वह यह उम्मीद कर रहे हैं कि चीन के साथ रूस के बढ़ते संबंध संभावित रूप से भारत और रूस के संबंधों में तनाव पैदा कर सकते हैं। टाइम्स ने लिखा कि वर्तमान में पश्चिमी देश भारत, चीन और रूस के बीच कलह करवाने का प्रयास कर रहा है। पश्चिम और रूस दोनों के साथ भारत के संबंध एक जटिल अंतरराष्ट्रीय परिदृश्य को दर्शाते हैं, जो इस कठिन वैश्विक माहौल में संतुलन तलाश करने की कोशिश कर रहे हैं और इसके साथ-साथ में अपने हितों को भी साधने की कोशिश कर रहे हैं। पश्चिम उम्मीद कर रहा था कि भारत उनके साथ गठबंधन करके रूस के खिलाफ खड़ा है, लेकिन ऐसा नहीं है, इसके लिए पश्चिम ने भारत पर दबाव बनाने की भी कोशिश की लेकिन वह सफल नहीं हो पाया।

खूनी के गले लगे सबसे बड़े लोकतंत्र के नेता

यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दो दिवसीय रूस यात्रा पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की और रूसी नेता व्लादिमीर पुतिन के साथ उनकी मुलाकात को भारी निराशा और शांति प्रयासों के लिए एक झटका करार दिया। ज़ेलेंस्की ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के नेता को दुनिया के सबसे खूनी व्यक्ति को गले लगाते देखना एक बड़ी निराशा और शांति प्रयासों के लिए एक विनाशकारी झटका है। गत रविवार को रूसी राष्ट्रपति का अभिनंदन करते हुए पीएम मोदी ने उन्हें गले लगा लिया था.।दोनों के बीच मित्रता पूर्ण रूप से प्रदर्शित हुई जब उन्होंने चाय पर बातचीत की। अनौपचारिक बैठक के दौरान पुतिन ने मोदी से कहा कि मैं आपको फिर से प्रधानमंत्री चुने जाने पर बधाई देना चाहता हूं।

No comments