Recent Posts

Breaking News

भारतीय मूल की सांसद की शपथ ने जीता भारत का दिल

 

ब्रिटेन की संसद में भगवद् गीता की गूंज

 

भारतीय मूल की 29 साल की गुजराती व्यवसायी शिवानी राजा ने ब्रिटेन की संसद में भगवद् गीता पर शपथ ली है। शिवानी ने कंजर्वेटिव पार्टी के लिए लीसेस्टर ईस्ट सीट पर ऐतिहासिक जीत हासिल की है। उन्होंने इस सीट पर लेबर पार्टी के 37 साल के वर्चस्व को खत्म किया है। वह भारतीय मूल के ही लेबर पार्टी के उम्मीदवार राजेश अग्रवाल के खिलाफ चुनाव लड़ी थीं। ब्रिटेन की सांसद के रूप में शपथ लेने के तुरंत बाद शिवानी ने एक्स पर लिखा कि लीसेस्टर ईस्ट का प्रतिनिधित्व करने के लिए आज संसद में शपथ लेना सम्मान की बात है। मुझे गीता पर महामहिम राजा चाल्र्स के प्रति अपनी निष्ठा की शपथ लेने पर वास्तव में गर्व है। बता दें कि 2022 में भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 एशिया कप मैच के बाद लीसेस्टर सिटी में भारतीय मूल के हिंदू समुदाय और मुसलमानों के बीच संघर्ष की घटना हुई थी। इसे देखते हुए शिवानी की जीत उल्लेखनीय है।

शिवानी राजा ने 14,526 वोट हासिल किए, उन्होंने लंदन के पूर्व डिप्टी मेयर अग्रवाल को हराया। उन्हें सिर्फ 10,100 वोट मिले। यह जीत इसलिए भी महत्त्वपूर्ण है, क्योंकि लीसेस्टर ईस्ट 1987 से लेबर का गढ़ रहा है। शिवानी की जीत ने 37 वर्षों में पहली बार इस निर्वाचन क्षेत्र में टोरी को चुना है। शिवानी के अलावा यूनाइटेड किंगडम में चार जुलाई को हुए आम चुनाव में 27 अन्य भारतीय मूल के सांसद हाउस ऑफ कॉमन्स के लिए चुने गए हैं।

No comments