Recent Posts

Breaking News

मार्केट का ब्लैक मंडे

 

अमरीका में मंदी की आशंका से सेंसेक्स 2,222 अंक गिरा, निवेशकों के 16 लाख करोड़ रुपए डूबे

अमरीका में मंदी की आशंका के चलते हफ्ते के पहले कारोबारी दिन सोमवार को सेंसेक्स 2,222 अंकों (2.74 फीसदी) की गिरावट के साथ 78,759 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी में भी 662 अंक (2.68 फीसदी) की गिरावट रही। यह 24,055 के स्तर पर बंद हुआ। सोमवार को बाजार में 2.74 फीसदी की गिरावट इस साल यानी 2024 की दूसरी सबसे बड़ी गिरावट है। इससे पहले लोकसभा चुनाव के नतीजों वाले दिन यानी चार जून को सेंसेक्स 4389 अंक (5.74 फीसदी) की गिरावट के साथ 72,079 के स्तर पर बंद हुआ था। शेयर बाजार में तेज बिकवाली से निवेशकों के 16 लाख करोड़ रुपए डूब गए। सोमवार को बीएसई पर लिस्टेड कंपनियों का ओवरऑल मार्केट कैप 441 लाख करोड़ रुपए रह गया। शुक्रवार को यह लगभग 457 लाख करोड़ रुपए था।

सोमवार के कारोबार में निफ्टी रियल्टी, मेटल, सरकारी बैंक और मीडिया इंडेक्स में चार फीसदी से ज्यादा की गिरावट रही। वहीं ऑटो, आईटी और ऑयल एंड गैस इंडेक्स तीन फीसदी से ज्यादा गिरे। सेंसेक्स के टॉप लूजर्स में टाटा मोटर्स, अडानी पोर्ट, टाटा स्टील, एसबीआई और पावर ग्रिड रहे। टाटा मोटर्स सबसे ज्यादा 7.32 फीसदी टूटा। विशेषज्ञों के अनुसार ईरान और इजराइल के बीच युद्ध की आशंका के कारण ग्लोबल मार्केट में निगेटिव सेंटिमेंट है। इसी का असर भारतीय शेयर बाजार में भी देखने को मिला है। अमरीका में मंदी की आशंका बढ़ गई है, जिसके कारण पिछले कारोबारी दिन अमरीकी बाजार में गिरावट रही। इसका असर भी दुनियाभर के बाजारों में दिख रहा है।

इस साल की दूसरी सबसे बड़ी गिरावट

चार जून 5.74%
पांच अगस्त 2.74%

एशियाई बाजार गिरावट से हलकान

एशियाई बाजार सोमवार को गिरावट से हलकान दिखे। जापान का निक्केई इंडेक्स 12.40 फीसदी की गिरावट में बंद हुआ। कोरिया का कोस्पी इंडेक्स भी 8.77 फीसदी गिरा। वहीं हांगकांग के हैंगसेंग इंडेक्स में 1.46 फीसदी की गिरावट रही। चीन का शंघाई कंपोजिट भी 1.54 फीसदी गिरकर बंद हुआ।


No comments