Recent Posts

Breaking News

बिहार में आज शाम से दिखेगा बारिश का रौद्र रूप, 13 जिलों में तेज आंधी-बिजली का अलर्ट..

 

Bihar Weather Today: बिहार में आज शाम से दिखेगा बारिश का रौद्र रूप, 13 जिलों में तेज आंधी-बिजली का अलर्ट


पटना। Bihar Weather News: बिहार में मौसम के तल्ख रुख ने घर से निकलना मु​​श्किल कर दिया है। शुक्रवार को सुबह से ही सूरज की तपिश ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया।

दोपहर होते-होते प्रचंड गर्मी। हालांकि, शनिवार को दिनभर लू चलने के बाद शाम को आंधी-वर्षा का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना ने पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया कि 26 से 30 अप्रैल तक मौसम का रंग बदला रहेगा।

प्रदेश के अधिसंख्य भागों में गरज-तड़क के साथ भारी वर्षा लोगों के लिए आफत बन सकती है। इस दौरान 10-50 मिमी वर्षा होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर 60-70 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। कुछ स्थानों पर ओले गिरने के साथ वज्रपात को लेकर चेतावनी जारी की है।

बिहार के 13 जिलों में मूसलाधार बारिश-तेज आंधी का अलर्ट

अगले 24 घंटों के दौरान उत्तरी भागों के पूर्वी व पश्चिम चंपारण, सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, मधुबनी, दरभंगा, सुपौल, मधेपुरा, अररिया, सहरसा, खगड़िया, कटिहार, पूर्णिया एवं किशनगंज जिले में झोंके के साथ तेज हवा चलने व वज्रपात व मेघ गर्जन को लेकर औरेंज अलर्ट की चेतावनी जारी की गई है।

27 अप्रैल को पटना सहित प्रदेश में वज्रपात, मेघ गर्जन व आंधी-पानी को लेकर चेतावनी जारी की गई है। पूर्वी चंपारण, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज में ओला गिरने को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम में बदलाव आते ही इसका सीधा प्रभाव आम-जन जीवन के साथ खेती किसानी पर पड़ने की संभावना है। वज्रपात को देखते हुए लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है। आंधी, वज्रपात या भारी वर्षा से खड़ी फसलों और फलदार वृक्षों को नुकसान होने के आसार हैं।

जयपुर से अधिक गया व डेहरी का तापमान

शुक्रवार को राजस्थान के जयपुर का अधिकतम तापमान 42.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि राजधानी का अधिकतम तापमान 41.6 तो गया व डेहरी में 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मोतिहारी में भीषण लू का प्रभाव बना रहा।

आज दिन में इन जिलों में चलेगी लू वाली हवा

पटना सहित, गोपालगंज, सिवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, भभुआ, रोहतास, औरंगाबाद, गया, नवादा, जहानाबाद, नालंदा, वैशाली, समस्तीपुर, बेगूसराय, शेखपुरा, जमुई एवं बांका में आज गर्म दिन रहने की संभावना है। इसके बाद शाम से मौसम में बदलाव के साथ लोगों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना है। शुक्रवार को पटना सहित अधिसंख्य भागों के अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई।

शुक्रवार को बक्सर, पूसा, सुपौल, फारबिसगंज, अररिया एवं मोतिहारी को छोड़ कर शेष जिलों के अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई।

No comments