थम गई ढोलक की थाप.सूना हो गया मंडप, चाची बोलीं- नहीं मालूम था जानलेवा साबित होगा, पढें मामला

Death Of Two Cousins: सिंहपुर में अंजनी की बरात तीस अप्रैल को आनी थी। इसको लेकर परिजनों ने अपनी आर्थिक स्थिति के अनुसार तेजी से तैयारियां की थीं। आंगन में मंडप भी लग गया था। सोमवार को ही अंजनी के भाई सुभाष का देवाई संस्कार भी था।
अंजनी का भी तेल पूजन होना था। ढोलक की थाप पर मंगलगीत गाए जा रहे थे, लेकिन इसी बीच घटना हो गई। इसके बाद मंडप सूना हो गया। हर कोई अस्पताल और पोस्टमार्टम हाउस की तरफ दौड़ पड़ा। जहां ढोलक की थाप गूंज रही थी, वहां चीख पुकार मच गई।

2023-24 के तहत गीता को दिया गया था योजना का लाभ
प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत लाभार्थी को मकान निर्माण के लिए एक लाख बीस हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। आवास के निर्माण के लिए एक डिजाइन और मानक भी तय हैं। पूर्व में निर्माण इसी मानक के अनुसार हुआ था। वर्ष 2023-24 के तहत गीता को इस योजना का लाभ दिया गया था।

सात फुट लंबा और छह फुट चौड़ा छज्जा बनवाया था
गीता के पास कुछ और रुपयों की व्यवस्था हो गई, तो उसने बाहर की तरफ दरवाजा लगवा दिया। दरवाजा और दीवार बारिश होने पर खराब हो रहे थे। इसकी बचत के लिए गीता ने सात फुट लंबा और छह फुट चौड़ा छज्जा बनवाया था। कोई नहीं जानता था कि यह छज्जा जानलेवा साबित होगा।
ये था पूरा मामला
हरदोई जिले में अतरौली थाना क्षेत्र के सिंहपुर मजरा बड़सरा में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत बनवाए गए मकान का छज्जा गिर गया। इसकी जद में आकर फुफेरी बहनों समेत चार लोग घायल हो गए। चारों को सीएचसी कोथावां ले जाया गया। यहां फुफेरी बहनों को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि मां-बेटे का उपचार किया जा रहा है।

तेल पूजन और देवाई संस्कार भी था
मृतकों में शामिल युवती का तेल पूजन भी सोमवार को था और तीस अप्रैल को उसकी बरात आनी थी। सिंहपुर निवासी परशुराम की पुत्री अंजनी (20) की शादी 30 अप्रैल को होनी थी। बरात सीतापुर के रामकोट थाना क्षेत्र के बाउली गांव से आनी थी। सोमवार को अंजनी का तेल पूजन और उसके भाई सुभाष का देवाई संस्कार भी था।

आर्थिक मदद से कराया था छज्जे का निर्माण
इसमें शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में रिश्तेदार भी आए हुए थे। परशुराम के मकान से बीस मीटर दूर उसके दिवंगत हो चुके छोटे भाई जगतपाल की पत्नी गीता (35) का मकान है। मकान का निर्माण प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) से मिली आर्थिक मदद से गीता ने कराया था।

दाल फैलाने के बाद पैदल ही जा रहे थे सभी
सोमवार की सुबह अंजली अपनी चाची गीता के मकान की छत पर सुखाने के लिए दाल फैलाने गई थी। उसके साथ उसके फूफा सीतापुर के पिसावां थाना क्षेत्र के उजीरनगर निवासी मुनेंद्र की पुत्री सपना (10) भी थी। दाल फैलाने के बाद यह सभी लोग पैदल ही जा रहे थे। तभी गीता के मकान के दरवाजे के ऊपर का छज्जा गिर गया।

दो लोगों की मौत, मां-बेटा घायल
इसके मलबे में गीता, उसका पुत्र सुभाष (12), अंजनी और सपना दब गईं। घायलों को सीएचसी कोथावां ले जाया गया। यहां चिकित्सक ने अंजनी को मृत घोषित कर दिया और सपना को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में सपना की भी मौत हो गई। सीओ संडीला सतेंद्र सिंह ने बताया कि मकान के दरवाजे पर पड़ा छज्जा गिरने से दो लोगों की मौत हुई है। मां-बेटा घायल हैं।
No comments