Himachal Weather Update: इस बार ज्यादा तपाएंगे सूर्यदेव, गर्मी 20 फीसदी तक बढऩे का अनुमान

पहाड़ी प्रदेश में इस बार गर्मी पहले से ज्यादा हो सकती है। जिस तरह का अनुमान मौसम विज्ञानी दे रहे हैं, उससे साफ है कि गर्मियों का सीजन काफी परेशानीदायक होगा, क्योंकि पिछले सालों के मुकाबले करीब 20 फीसदी ज्यादा गर्मी इस पहाड़ी प्रदेश में पडऩे वाली है।
मौसम विभाग के मुताबिक हिमाचल प्रदेश में इस साल गर्मियों के सीजन में सामान्य से अधिक तापमान रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार मैदानी और मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में पहले से ज्यादा लू चलेगी और इसमें 20 प्रतिशत का इजाफा होगा। जाहिर है कि इससे लोगों की मुश्किलें बढ़ेंगी। खासकर ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, मंडी, कांगड़ा, सिरमौर, चंबा और सोलन के निचले इलाकों में भीषण गर्मी रहेगी, जोकि प्रदेश के मैदानी क्षेत्र हैं।
मौसम विभाग के अनुसार इस गर्मी के मौसम में बारिश भी सामान्य से कम होगी। इस बीच गुरुवार को राज्य के पांच जिलों में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इससे चंबा, किन्नौर, कुल्लू, लाहुल स्पीति और कांगड़ा के ऊंचे क्षेत्रों में हल्की बारिश हो सकती है।
अन्य भागों में मौसम साफ रहेगा। इससे तापमान में उछाल आएगा। राज्य का औसत तापमान अभी सामान्य से 1.7 डिग्री सेल्सियस अधिक चल रहा है। कुल्लू के भुंतर में सबसे अधिक 4.6 डिग्री उछाल के बाद यहां का तापमान 30.0 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है।
शिमला का तापमान भी सामान्य से 3.3 डिग्री अधिक रहने के बाद 23.0 डिग्री और मनाली का तापमान 4.1 डिग्री उछाल के बाद 23.6 डिग्री पहुंच गया है। राजधानी शिमला में सुबह व शाम के समय हलकी ठंड महसूस की जा रही है, लेकिन दोपहर में यहां भी गर्मी का एहसास हो रहा है। हालांकि जब बारिश होती है, तो यहां ठंडक बढ़ जाती है, लेकिन आने वाले दिनों में शिमला में भी अधिक गर्मी होगी, ऐसा अनुमान लगााया जा रहा है।
No comments